तजिंदर पाल सिंह बग्गा को क्यों करना पड़ा गिरफ्तार? पंजाब पुलिस ने बताई पूरी बात

पंजाब पुलिस ने अपनी कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि शुक्रवार सुबह उचित कानून प्रक्रिया के बाद तजिंदर पाल सिंह बग्गा को नई दिल्ली के जनकपुरी स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया है।
पंजाब पुलिस ने दिल्ली भाजपा एक प्रवक्ता तजिंदर पाल सिंह बग्गा (Tajinder Pal Singh Bagga) को शुक्रवार को राजधानी दिल्ली में उनके घर से गिरफ्तार कर लिया है। पंजाब पुलिस ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि शुक्रवार सुबह उचित कानून प्रक्रिया के बाद तजिंदर पाल सिंह बग्गा को नई दिल्ली के जनकपुरी स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया है। उसे यहां लाया जा रहा है और कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसएएस नगर पुलिस की एसआईटी टीम आगे की जांच कर रही है। पंजाब पुलिस ने यह भी बताया कि आखिर क्यों बग्गा को गिरफ्तार किया गया है।
पंजाब पुलिस ने बताया कि 1 मई को थाना पंजाब स्टेट साइबर क्राइम, एसएएस नगर द्वारा तजिंदर बग्गा के खिलाफ हिंसा भड़काने, आपराधिक धमकी देने, सोशल मीडिया पर झूठे और सांप्रदायिक भड़काऊ बयान पोस्ट करने की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी।
पुलिस ने कहा कि आरोपी को जांच में शामिल होने और आने के लिए पांच नोटिस दिए गए थे। नोटिस का विधिवत पालन किया गया, इसके बावजूद आरोपी जानबूझकर जांच में शामिल नहीं हुए। आज सुबह उचित कानून प्रक्रिया के बाद तजिंदर पाल सिंह बग्गा को दिल्ली में उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
भाजपा नेता तजिंदर बग्गा की गिरफ्तारी पर पंजाब पुलिस के एक एसपी मनप्रीत सिंह ने कहा कि बग्गा की गिरफ्तारी की एक उचित वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है। साइबर क्राइम मोहाली में हमारे पास एफआईआर दर्ज है। हमने उचित नोटिस दिया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया क्योंकि वह जांच में शामिल नहीं हो रहे थे। हमने उन्हें आज सुबह 9 बजे गिरफ्तार किया।
बता दें कि, दिल्ली भाजपा के नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा सोशल मीडिया पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ काफी मुखर रहे हैं। ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म को लेकर केजरीवाल के खिलाफ अपने ट्वीट के लिए दिल्ली और पंजाब दोनों में शासन कर रही ‘आप’ ने उन्हें निशाने पर लिया था।
पिछले महीने, पंजाब पुलिस ने भड़काऊ बयान देने, दुश्मनी को बढ़ावा देने और आपराधिक धमकी देने के आरोप में बग्गा के खिलाफ मामला दर्ज किया था। मोहाली निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।
पंजाब के भाजपा नेता और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने ट्वीट किया, “पंजाब पुलिस ने बग्गा को उनके घर से गिरफ्तार किया है। उन्होंने बग्गा और उनके पिता के साथ अमानवीय व्यवहार किया, लेकिन याद रखें अरविंद केजरीवाल जी, आपकी ऐसी हरकतें एक सच्चे सिख को डरा नहीं सकतीं।”
दिल्ली भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने सुबह कहा कि “पंजाब के 50 से अधिक पुलिसकर्मियों ने तजिंदर बग्गा को उनके घर से गिरफ्तार किया। ऐसा लगता है कि अरविंद केजरीवाल ने बग्गा को चुप कराने के लिए पंजाब पुलिस की ताकत का इस्तेमाल किया है।”