रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सितंबर तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। सालाना आधार पर गौर करें तो इस तिमाही में रिलायंस को 0.18 % का नुकसान हुआ है। सितंबर तिमाही में नेट प्रॉफिट 13,656 करोड़ रुपये रहा।
मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सितंबर तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। सालाना आधार पर गौर करें तो सितंबर तिमाही में रिलायंस के नेट प्रॉफिट में 0.18 % का नुकसान हुआ है। सितंबर तिमाही में नेट प्रॉफिट 13,656 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी अवधि में 13,680 करोड़ रुपये था।
तिमाही आधार पर स्थिति: जून तिमाही के मुकाबले रिलायंस का कर के बाद लाभ 24% गिर गया है। बता दें कि जून तिमाही में प्रॉफिट ₹17,955 करोड़ था। तिमाही में रिलायंस का निर्यात 86,382 करोड़ रुपये रहा, जो 57.5% ज़्यादा है। वहीं, प्रति शेयर आय 20.2 रुपये रही जो सालाना आधार पर 3.3% कम हुई है। बता दें कि शुक्रवार को एनएसई पर रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर पिछले दिन के बंद भाव से 1.22% कम 2470 रुपये के स्तर पर बंद हुआ।
राजस्व कितना: रिलायंस ने समीक्षाधीन तिमाही में परिचालन से राजस्व में 33.7% की वृद्धि के साथ ₹2.32 लाख करोड़ की वृद्धि दर्ज की। कंपनी ने एक साल पहले की अवधि में ₹1.74 लाख करोड़ का राजस्व हासिल किया था।
रिलायंस इंडस्ट्रीज का तिमाही कंसोलिडेटिड एबिटा 14.5% बढ़कर 34,663 करोड़ पर जा पहुंचा है। वहीं, रिलायंस रिटेल ने अब तक की सबसे बड़ी तिमाही EBITDA दर्ज किया है। यह 47.1% बढ़कर 4,286 करोड़ रुपये हो गया है।
रिलायंस जियो का हाल: जियो का ऑपरेटिंग राजस्व 24,275 करोड़ रुपये रहा, ये साल दर साल आधार पर 22.7% की वृद्धि है। इसका प्रमुख कारण ARPU में बढ़ोतरी है। जियो का EBITDA मार्जिन 49.5% रहा, इसमें 250 बीपीएस की वृद्धि हुई है। इस वृद्धि का कारण ARPU में बढ़ोतरी है। वहीं, जियो का ARPU ₹177.2 प्रति माह रहा।
ARPU में वार्षित आधार पर 23.5% की अच्छी-खासी वृद्धि देखी गई है। इस तिमाही रिलायंस जियो ने 77 लाख नेट सब्सक्राइबर जोड़े, जबकि ग्रॉस सब्सक्राइबर में 3 करोड़ 27 लाख की मजबूत वृद्धि देखने को मिली। वहीं, 30 सितंबर 2022 तक कुल ग्राहक आधार 42 करोड़ 76 लाख रहा।
रिलायंस जियो नेटवर्क पर प्रति यूजर प्रति माह औसत डेटा खपत 22.2 जीबी और प्रति यूजर वॉयस कॉलिंग 969 मिनट रही। कुल डेटा ट्रैफिक 22.7% बढ़कर 28.2 अरब जीबी दर्ज किया गया। जबकि वॉयस ट्रैफिक साल-दर-साल 12.3% बढ़कर 1.23 ट्रिलियन मिनट पर जा पहुंचा।