काफी कम समय में विकास की राह पर बढ़ा असम समेत पूरा नार्थ ईस्ट, गुवाहाटी में बोले अमित शाह

गुवाहाटी, एएनआइ। Amit Shah in Assam: केंद्रीय गृहमंत्री ( Union Home Minister) अमित शाह ने गुवाहाटी में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद गृहमंत्री ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वे गृहमंत्री नहीं भाजपा के एक कार्यकर्ता के तौर पर असम आए हैं। अमित शाह ने कांग्रेस पर करारा प्रहार किया और कहा, ‘असम की महान भूमि को कांग्रेस ने विघटन की, आतंकवाद की, हड़तालों की, आंदोलनों की भूमि बना दिया था।’
गृहमंत्री ने कहा, ‘असम में हमारी सरकार बनेगी इस बारे में कभी सोचा भी नहीं था। लेकिन आज भाजपा के शासन में चारों ओर राज्य का विकास किया जा रहा है।’
विकास के रास्ते पर असम
उन्होंने कहा, ‘काफी कम समय (2014-2022) में आज पूरा नार्थ-ईस्ट और हमारा असम विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। मेरे जैसे कार्यकर्ता के लिए ये सौभाग्य की बात है कि नार्थ ईस्ट का और यहां भाजपा का विकास दोनों एक साथ हो रहा है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘ दूसरी पार्टियों के लिए कार्यालय ईंट-पत्थर से बना हुआ मकान हो सकता है, लेकिन भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए ये एक मंदिर होता है। यहां कार्य का रेखांकन होता है, यहीं पर भाजपा पूरे नार्थ ईस्ट की और असम के विकास की योजनाएं बनती हैं।’
इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (BJP National President JP Nadda) ने और राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा भी मौजूद रहे। इसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने असम के स्टेट गेस्ट हाउस में पौधारोपण ( Plantation ) भी किया।