उत्तर प्रदेशराजनीति

आजम खान को उनके घर में ही घेरने में जुटी भाजपा, 12 को रामपुर में अल्पसंख्यक लाभार्थी सम्मेलन

सपा नेता आजम खान को उपचुनाव में उनके घर रामपुर में ही घेरने की तैयारी में भाजपा जुटी है। रामपुर में 12 नवंबर को अल्पसंख्यक लाभार्थी सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसमें भाजपा के कई दिग्गज शामिल होंगे।

भाजपा दिग्गज सपा नेता आजम खान को उपचुनाव में उनके घर रामपुर में ही घेरने की तैयारी में जुटी है। खासतौर से मुस्लिमों के बीच उनकी घेराबंदी का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा रामपुर में 12 नवंबर को अल्पसंख्यक लाभार्थी सम्मेलन आयोजित करने जा रही है। इसमें खासतौर से उन पसमांदा मुस्लिमों को आमंत्रित किया जा रहा है, जिन्हें केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला है।

प्रदेश में मैनपुरी लोकसभा और रामपुर व खतौली विधानसभा सीटों के लिए आगामी पांच दिसंबर को उपचुनाव होना है। इस चुनाव में भाजपा और सपा-रालोद गठबंधन में सीधा मुकाबला होना है। बसपा और कांग्रेस ने उपचुनाव से दूरी के संकेत दे दिए हैं। मैनपुरी और रामपुर दोनों ही सपा की परंपरागत सीटें हैं जबकि खतौली सीट भाजपा ने जीती थी, जो उसके विधायक विक्रम सैनी को एमपी-एमएलए कोर्ट द्वारा सजा सुनाए जाने के चलते रिक्त घोषित की गई है।

भाजपा का प्रयास खतौली फिर जीतने के साथ ही मैनपुरी और रामपुर में सपा को घेरने की है। दरअसल, दोनों ही जगह भाजपा के पास खोने के लिए कुछ नहीं है। यहां सीटें बचाने की चुनौती सपा के सामने है। उधर, आजम के गढ़ में भाजपा अल्पसंख्यक लाभार्थी सम्मेलन करके उन्हें असहज करना चाहती है। इसका जिम्मा भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा को सौंपा गया है। सम्मेलन में 10 हजार से अधिक लाभार्थी जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। यह अत्यंत पिछड़े तबके के वे मुस्लिम होंगे, जिनको लाभ देने में सरकार ने कोई भेदभाव नहीं किया। बता दें कि भाजपा लगातार पसमांदा मुस्लिमों को अपने पाले में लाने के लिए अभियान चला रही है।

उपमुख्यमंत्री सहित कई दिग्गज होंगे शामिल

अल्पसंख्यक लाभार्थी सम्मेलन के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक होंगे जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दानिश आजाद अंसारी, प्रदेश सरकार के मंत्री बल्देव सिंह ओलख, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अशफाक सैफी, कैफुल बरा अंसारी, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा और सलिल बिश्नोई सहित कई अन्य नेता शामिल होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button