उत्तर प्रदेशराजनीति

शिवपाल के सामने सरेंडर बोल गए अखिलेश? डिंपल के चुनाव में चाचा को सपा नेता माना, MLA मीटिंग में प्रसपा अध्यक्ष बताते थे

शिवपाल को रामपुर और आजमगढ़ उपचुनावों के दौरान प्रचार से दूर रखा गया था। यहां तक कि सपा की बैठकों में भी शिवपाल को नहीं बुलाया जाता था। शिवपाल को प्रचारक बनाने के पीछे अखिलेश के सरेंडर की चर्चा है।

मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी। इसमें अखिलेश यादव ने चाचा शिवपाल यादव को भी शामिल किया है। शिवपाल को रामपुर और आजमगढ़ उपचुनावों के दौरान प्रचार से दूर रखा गया था। यहां तक कि सपा की बैठकों में भी शिवपाल को नहीं बुलाया जाता था। डिंपल के नामांकन में भी शिवपाल नजर नहीं आए थे। अब दोबारा शिवपाल को प्रचारक बनाने के पीछे अखिलेश की रणनीति कम चाचा के आगे सरेंडर करने की ज्यादा चर्चा है। इस चर्चा के पीछे कारण भी कई हैं।

अखिलेश यादव खुलेआम शिवपाल को प्रमासपा का नेता बताते रहे हैं। विधानसभा चुनाव के बाद सपा की हार की समीक्षा के लिए हुई मीटिंग में भी शिवपाल को नहीं बुलाया गया था। तब अखिलेश ने कहा था कि यह सपा विधायकों की मीटिंग थी। शिवपाल प्रमासपा के नेता हैं। गठबंधन की बैठक होगी तो उन्हें बुलाया जाएगा। जबकि शिवपाल सपा के टिकट पर ही विधायक चुने गए हैं।

राष्ट्रपति चुनाव को लेकर हुई गठबंधन की बैठक में भी शिवपाल को नजरअंदाज किया गया। इससे नाराज होकर शिवपाल योगी के बुलावे पर एनडीए के आयोजन में भी पहुंच गए थे। अब जबकि डिंपल के चुनाव की बारी आई तो अखिलेश ने शिवपाल को सपा का नेता बताते हुए स्टार प्रचारकों में शामिल कर लिया है।

मैनपुरी का चुनाव सपा के लिए उतना आसान नहीं माना जा रहा है। शिवपाल को स्टार प्रचारक बनाने से ठीक पहले भाजपा ने सपा से ही दो बार सांसद और एक बार विधायक रहे रघुराज शाक्य को अपना प्रत्याशी बनाकर अखिलेश की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रघुराज शाक्य न केवल शिवपाल यादव बल्कि मुलायम सिंह यादव के करीबी माने जाते रहे हैं।

मुलायम ही रघुराज को 1999 में सरकारी नौकरी से इस्तीफा दिलाकर राजनीति में लाए थे। इटावा के रहने वाले रघुराज 1999 और 2004 में सपा से दो बार सांसद और 2012 में सपा से इटावा सदर से विधायक रहे। उनकी शाक्य मतदाताओं में काफी लोकप्रियता है। भाजपा ने इसी का फायदा उठाते हुए अखिलेश को घेरा है। मैनपुरी उपचुनाव का ऊंट किस करवट बैठेगा इसका फैसला आठ दिसंबर को होगा, पर मुलायम की विरासत वाली सीट पर उनकी पुत्रवधु डिंपल यादव के सामने भगवा खेमे ने शाक्य प्रत्याशी पर दांव खेलकर चुनाव को रोचक बना दिया है। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button